स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए मेरठ में 28 केंद्र, 13,024 अभ्यर्थी होंगे शामिल
मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (गेनिंग) परीक्षा-2025 का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को एक ही सत्र में प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए जनपद मेरठ में 28 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 13,024 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी और अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट के माध्यम से उत्तर देना होगा।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक तथा निर्धारित संख्या में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, सपोर्ट स्टाफ एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पूर्व सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर सुबह 6:30 बजे कक्षवार सीटिंग प्लान प्रदर्शित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 8:00 बजे से शुरू होगा और 8:45 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के मूल प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि में से कोई एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र की छायाप्रति भी जमा कराई जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। बायोमेट्रिक सत्यापन एवं तलाशी की व्यवस्था कार्यदायी संस्था द्वारा की जाएगी। मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय प्रश्नपत्र एवं अन्य सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोषागार से प्राप्त कर पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों को वितरित किए जाएंगे। सुबह 9:30 बजे परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा समाप्ति से पांच मिनट पूर्व, यानी 11:25 बजे, अभ्यर्थियों को समय समाप्त होने की सूचना दी जाएगी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर उत्तर पत्रकों की तीनों प्रतियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मिलान एवं पृथक्करण किया जाएगा। मूल प्रति तथा संबंधित गोपनीय सामग्री को आयोग के निर्देशानुसार सील कर सुरक्षित कराया जाएगा, जबकि अभ्यर्थी प्रश्न पुस्तिका एवं ओएमआर की अभ्यर्थी प्रति अपने साथ ले जा सकेंगे। उत्तर पत्रकों के पैकेट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से जमा कराया जाएगा।
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार श्रुतलेखक एवं अतिरिक्त समय की सुविधा प्रदान की जाएगी। अतिरिक्त समय मांगने वाले पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट के अनुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। श्रुतलेखक की सुविधा लेने वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक अभिलेख भी प्राप्त किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment