जनगणना 2027 की तारीखों का ऐलान, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी आबादी की गिनती
10 से 24 जनवरी तक लोग खुद दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी, यूपी समेत सात राज्यों और बर्फबारी वाले क्षेत्रों में अलग समय पर होगी जनगणना
नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर बताया कि देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक आबादी की गिनती की जाएगी। हालांकि, विधानसभा चुनाव वाले राज्यों और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में जनगणना अलग समय पर कराई जाएगी। इसके लिए एक से पांच मार्च 2027 तक संशोधन राउंड भी चलेगा।
अधिसूचना के मुताबिक, मणिपुर (अगली घोषणा तक), गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी वाले क्षेत्रों को निर्धारित कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। इन क्षेत्रों में जनगणना की तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी।
15 दिन पहले खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी
जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने से पहले लोगों को स्व-गणना का विकल्प भी दिया गया है। इसके तहत 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोग खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस व्यवस्था से लोगों को अपनी जानकारी स्वयं उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।
2011 में हुई थी पिछली जनगणना
भारत में पिछली जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। वर्ष 2021 में जनगणना प्रस्तावित थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। वर्ष 2011 में जनगणना दो चरणों में कराई गई थी। पहले चरण में अप्रैल से सितंबर 2010 के बीच मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी आंकड़े जुटाने का काम हुआ था। दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2011 तक आबादी की गणना की गई थी। इसके बाद एक से पांच मार्च तक संशोधन राउंड चला था।
आबादी से लेकर साक्षरता तक जुटाए जाते हैं आंकड़े
जनगणना के माध्यम से देश की कुल आबादी, जनसंख्या वृद्धि दर, साक्षरता, जनसंख्या घनत्व, लिंगानुपात और छह वर्ष तक के बच्चों के लिंगानुपात समेत कई महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाते हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार देश की आबादी करीब 121 करोड़ थी। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और संसाधनों के नियोजन में किया जाता है।


No comments:
Post a Comment