इंडिया गठबंधन की बैठक में एसआईआर और वोट चोरी पर मंथन
आयोजित होगा ‘जनता का महाभियोग’ कार्यक्रम, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए विपक्षी दल एकजुट
नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), वोट चोरी के आरोपों और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि लोकतंत्र पर हो रहे हमले और जनता की पीड़ा को प्रमुखता से उठाने की जरूरत है। विपक्षी दलों को जनता को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी एकजुट हैं।
गौरव गोगोई ने कहा कि शुक्रवार को आयोजित होने वाले ‘जनता का महाभियोग’ कार्यक्रम के जरिए विपक्षी एकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और स्वरूप से जुड़ी कई जानकारियां शुक्रवार को सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि देश को बचाना और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।
भाजपा पर लगाए आरोप
गोगोई ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी दूसरों पर चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाती है, जबकि खुद पर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने की कोशिश करती है। उन्होंने दावा किया कि यह कोशिश सुप्रीम कोर्ट के भीतर और बाहर दोनों जगह की जा रही है।
खरगे बोले, वोट चोरी के खिलाफ जारी रहेगा विरोध
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे पर उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए कहा कि इसी के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। खरगे ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन के सभी दल इस विरोध को समर्थन दे रहे हैं।


No comments:
Post a Comment