सरयू स्ट्राइकर्स ने जीती अंडर-14 स्टेट चैंपियनशिप

रोमांचक फाइनल में वेस्ट यूपी हस्तिनापुर को हराया, उत्तराखंड में होने वाले ऑल इंडिया टूर्नामेंट के लिए चुनी जाएगी सर्वश्रेष्ठ टीम

मेरठ। हापुड़ स्थित जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के आईटीआई मैदान पर आयोजित स्पोर्ट्स फॉर स्कूल अंडर-14 स्टेट चैंपियनशिप का खिताब सरयू स्ट्राइकर्स ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट यूपी हस्तिनापुर को एक विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।

वेस्ट यूपी हस्तिनापुर ने बनाए 171 रन

फाइनल मुकाबले में वेस्ट यूपी हस्तिनापुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम 18.5 ओवर में 171 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बल्लेबाजी में चिराग ने 39, विराट ने 37, मयंक ने 35 और विवेक ने 34 रन बनाए। सरयू स्ट्राइकर्स की ओर से नकुल ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि कबीर सिंह, कार्तिक और अली ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

सरयू स्ट्राइकर्स ने एक विकेट से दर्ज की जीत

172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरयू स्ट्राइकर्स की टीम ने 19.3 ओवर में नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से देव शर्मा ने 42, अभिनव ने 38 और राघव ने 36 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। तीनों बल्लेबाजों के योगदान से टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वेस्ट यूपी हस्तिनापुर की ओर से अरिश ने तीन विकेट लिए, जबकि विराट ने दो विकेट हासिल किए। विवेक, अभय और शिवा को एक-एक विकेट मिला।

विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव ने चारों प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स फॉर स्पोर्ट्स फेडरेशन के चेयरमैन ने बताया कि चारों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम उत्तराखंड में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया स्पोर्ट्स फॉर स्कूल्स टूर्नामेंट में भाग लेगी।

आयोजक अतहर अली ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में विवेक शेखर, कनिष्क जैन, विवित सरीन, वीरेंद्र कौशिक, एडवोकेट सुभाष राजपूत और एडवोकेट नरेंद्र चौहान का विशेष सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts