मेरठ कॉलेज के दीक्षारंभ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताईं सुविधाएं

छात्रवृत्ति, महिला प्रकोष्ठ, एनएसएस और रेंजर गतिविधियों की दी जानकारी, सर्वांगीण विकास के लिए किया प्रेरित

मेरठ। मेरठ कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रवृत्ति योजनाओं, महिला प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और रेंजर टीम की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. वीना चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। उच्च शिक्षा के दौरान अर्जित ज्ञान और अनुभव उनके भविष्य की दिशा तय करते हैं। स्नातक के प्रथम दो वर्षों में किया गया अध्ययन विद्यार्थियों को तृतीय वर्ष में शोध कार्य के लिए तैयार करता है।

छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

महाविद्यालय की डीन प्रो. अनीता मलिक ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं और महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महिला प्रकोष्ठ छात्राओं को देगा सहयोग

महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. मोनिका भटनागर ने बताया कि प्रकोष्ठ का प्रमुख उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने छात्राओं से झिझक दूर कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर महिला प्रकोष्ठ से संपर्क करने की अपील की।

एनएसएस से सामाजिक जिम्मेदारी का विकास

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की समन्वयक प्रो. गार्गी पचौरी ने विद्यार्थियों को समाजसेवा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस के तहत विभिन्न महत्वपूर्ण दिवसों पर कार्यक्रम और विशेष शिविर आयोजित किए जाते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हैं और सामाजिक समस्याओं के समाधान में योगदान देते हैं।

उन्होंने वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशित और कनिष्ठ विद्यार्थियों को दिए जाने वाले सहयोग के साथ उच्च शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में एनएसएस प्रमाणपत्र की उपयोगिता की जानकारी भी दी।

रेंजर गतिविधियों से निखरेगा नेतृत्व

रेंजर टीम की समन्वयक प्रो. पूनम सिंह ने समाजसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में रेंजर गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रवेश, निपुण, राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार जैसे विभिन्न चरणों की जानकारी दी। साथ ही, समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम अवसरों की जानकारी मिली। उन्हें अध्ययन के साथ सामाजिक सेवा, जागरूकता कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह, प्रो. योगेश कुमार, प्रो. पंजाब सिंह मलिक, डॉ. विनय आर्य, डॉ. पंकज कुमार भारती, डॉ. गौरव बिष्ट और डॉ. अरविंद कुमार उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts