मां शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता ने किया निरीक्षण, ट्रांसफार्मर का वैकल्पिक इंतजाम और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

मेरठ/सहारनपुर, 14 अक्टूबर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने बुधवार को सहारनपुर के जसमौर स्थित मां शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बेहट का निरीक्षण कर अनुरक्षण कार्यों और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।

प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि मेला परिसर से गुजरने वाली सभी एचटी और एलटी विद्युत लाइनों तथा उपकरणों की गहन जांच की जाए। विद्युत सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम तत्काल उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

ट्रांसफार्मर खराब होने पर तत्काल बहाली की व्यवस्था

मेला क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रबंध निदेशक ने 250 केवीए के मौजूदा ट्रांसफार्मर के विकल्प के रूप में 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर सुरक्षित रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। मौजूदा ट्रांसफार्मर पर वर्तमान भार करीब 100 केवीए है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके, इसके लिए पहले से तैयारी रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा पीपीई किट, हेलमेट और सेफ्टी जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने लाइन स्टाफ और फील्ड कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उन्हें सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए।

उपकेंद्र बेहट में कैपेसिटर बैंक ठीक कराने के निर्देश

मेला क्षेत्र के निरीक्षण के बाद प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बेहट का निरीक्षण किया। यहां अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा के दौरान 11 केवी केबल में तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े कैपेसिटर बैंक को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एएमसी फर्म से समन्वय स्थापित कर समस्या का जल्द समाधान कराने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि विद्युत लाइनों पर काम करते समय कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करना जरूरी है। सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और रखरखाव कार्यों को गंभीरता से करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (वितरण), सहारनपुर क्षेत्र, इंजीनियर हेमराज सिंह, अधीक्षण अभियंता इंजीनियर रविन्द्र बाबू, अधिशासी अभियंता इंजीनियर सुभाष चंद्र सहित संबंधित उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता और लाइन स्टाफ मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts