निकाह के 12 घंटे बाद आम के बाग में फंदे पर मिला दूल्हा
रात पत्नी के साथ घर लौटा था यूनुस, सुबह घर से निकला और पेड़ पर लटका मिला शव; आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
मेरठ। खरखौदा थाना क्षेत्र के उलधन गांव में निकाह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब निकाह के करीब 12 घंटे बाद 26 वर्षीय युवक का शव गांव के पास आम के बाग में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान उलधन निवासी यूनुस पुत्र नवाब कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव नीचे उतरवाया। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने और कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
परिजनों के मुताबिक यूनुस दिल्ली में चिकन सप्लाई का काम करता था। मंगलवार दोपहर उसकी बारात मेरठ के पावली खास गांव गई थी। वहां अंजुम के साथ निकाह हुआ। रात करीब 10 बजे दूल्हा-दुल्हन बारात के साथ उलधन लौटे। घर पहुंचने पर शादी की खुशी में आतिशबाजी की गई। इसके बाद यूनुस पत्नी के साथ कमरे में चला गया। परिजनों का कहना है कि उसने पत्नी की मेहर भी अदा कर दी थी।
बताया गया कि रात तक सब कुछ सामान्य था। बुधवार सुबह यूनुस घर से निकला और गांव के पास बहरामपुर निवासी तेजवीर सिंह के आम के बाग में पहुंचा। कुछ देर बाद खेत की ओर गए एक किसान ने पेड़ पर उसका शव लटका देखा। किसान ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना पर खरखौदा पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार परिवार की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।
परिवार में मचा कोहराम
यूनुस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी के कुछ घंटे बाद ही घर में मातम छा गया। रिश्तेदार और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंचते रहे। परिजनों ने शाम को सुपुर्द-ए-खाक करने की बात कही है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीओ किठौर विश्वज्योति राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और आवश्यक कार्रवाई की गई।


No comments:
Post a Comment