बंदरों का मुखौटा पहन कमिश्नरी पहुंचे लोग, बोले- अब तो पकड़ो ‘आतंक का झुंड’
वार्ड-60 में 200 से 300 बंदरों के झुंड से दहशत, बच्चों-बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता; डीएम को सौंपा ज्ञापन
मेरठ। शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक के विरोध में बुधवार को वार्ड-60 के लोगों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी बंदरों के मुखौटे पहनकर कमिश्नरी पहुंचे और अधिकारियों से बंदरों को पकड़ने की मांग की। लोगों का कहना है कि करीब दो माह से क्षेत्र में 200 से 300 बंदरों के झुंड घूम रहे हैं। बंदर घरों की पानी की टंकियां तोड़ने के साथ कपड़े और अन्य सामान भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
भाजपा पार्षद रेखा सिंह और पूर्व पार्षद नीरज के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने बताया कि क्षेत्र के कई स्कूलों के आसपास भी बंदरों का जमावड़ा रहता है। इससे स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भय बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि बंदरों के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। इनमें एक पार्षद, उनके बेटे और एक बुजुर्ग के घायल होने की बात भी कही गई।
पूर्व पार्षद नीरज ने आरोप लगाया कि नगर निगम और वन विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को तत्काल बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि मॉडर्न स्कूल, फॉरवेली स्कूल, जैमिनी-जैमिनी पब्लिक स्कूल और डेफोडिल स्कूल के आसपास बड़ी संख्या में बंदर दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि डीएम, नगर निगम और वन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से बैठक कर जिम्मेदारी तय करें और जल्द अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ा जाए। प्रदर्शन में प्रशांत चौहान, मुकेश पुरी, अमरीश मागी, गौरव शर्मा, लवनीश घई समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment