खेतों से कृष्णमृगों की ‘शिफ्टिंग’, 1236 हिरणों का रेस्क्यू; हेलिकॉप्टर से चला ऑपरेशन
फसल बचाने के लिए शाजापुर में बड़ा अभियान, सीएम मोहन यादव ने जंगल पहुंचकर लिया जायजा; कूनो और गांधी सागर समेत निर्धारित ठिकानों पर भेजे गए हिरण
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में किसानों की फसल बचाने और काले हिरणों को सुरक्षित ठिकाना देने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचने की शिकायतों के बाद शुरू किए गए इस अभियान में अब तक 1236 कृष्णमृगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव रंथभंवर गांव पहुंचे और जंगल में चल रहे ऑपरेशन का जायजा लिया। अभियान में हेलिकॉप्टर और दक्षिण अफ्रीका की विशेषज्ञ टीम की मदद ली जा रही है।
हेलिकॉप्टर से पकड़कर ट्रकों में भेजे जा रहे हिरण
रेस्क्यू टीम हेलिकॉप्टर और गोमा पद्धति की मदद से हिरणों को निर्धारित स्थान तक लाती है। इसके बाद विशेष टेंटनुमा व्यवस्था के जरिए उन्हें पकड़ा जाता है और सुरक्षित तरीके से ट्रकों में ले जाकर तय स्थानों पर पहुंचाया जाता है। अभियान में वन विभाग, पशु चिकित्सा विशेषज्ञ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें तैनात हैं।
कूनो, गांधी सागर सहित कई ठिकानों पर भेजे गए
मुख्यमंत्री के अनुसार, रेस्क्यू किए गए कृष्णमृगों को कूनो नेशनल पार्क, गांधी सागर क्षेत्र और रानी दुर्गावती नेशनल पार्क सहित निर्धारित स्थलों पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन का निरीक्षण करते हुए सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
किसानों को राहत, वन्यजीवों को सुरक्षित ठिकाना
शाजापुर में काले हिरणों की बढ़ती संख्या किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। फसलों को नुकसान पहुंचने की शिकायतों के बाद सरकार ने उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का फैसला किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में ऐसे अभियान चलाए जाएंगे, ताकि फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने के साथ वन्यजीवों को भी सुरक्षित प्राकृतिक आवास मिल सके।


No comments:
Post a Comment