न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर 2,000 वर्ग मीटर से अधिक रिटेल स्पेस की होगी लीजिंग

एनसीआरटीसी ने लाइसेंसधारी के चयन के लिए आमंत्रित की निविदा, यात्रियों को मिलेंगी खरीदारी और खानपान की सुविधाएं

मेरठ/नई दिल्ली। नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी ने न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर कमर्शियल रिटेल स्पेस को लीज पर देने के लिए निविदा आमंत्रित की है। स्टेशन के कॉनकोर्स स्तर पर 2,000 वर्ग मीटर से अधिक का प्राइम रिटेल स्पेस उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से एनसीआरटीसी गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के साथ ही स्टेशन को यात्रियों और कारोबारियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना चाहता है।

न्यू अशोक नगर स्टेशन की लोकेशन इसे व्यावसायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बनाती है। यह दिल्ली मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन से एकीकृत है। साथ ही मयूर विहार और नोएडा जैसे प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में यात्रियों और ग्राहकों तक पहुंचने की संभावना है। स्टेशन पर उपलब्ध रिटेल स्पेस का उपयोग खुदरा दुकानों, खानपान सेवाओं, लाइफस्टाइल ब्रांड और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए किया जा सकेगा।

पार्किंग और लास्ट माइल कनेक्टिविटी की सुविधा

स्टेशन पर लगभग 73 कारों और 284 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा ईवी चार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का डिजाइन यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी के सिद्धांत पर आधारित है। दिल्ली मेट्रो से इंटरचेंज के साथ ई-रिक्शा और ऑटो की उपलब्धता यात्रियों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी प्रदान करती है। इन सुविधाओं से स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए खरीदारी, खानपान और अन्य सेवाओं का लाभ उठाना आसान होगा।

4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं पूरी

एनसीआरटीसी के अनुसार, परिचालन शुरू होने के बाद से नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक 4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं। हाल ही में कॉरिडोर पर एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों की रिकॉर्ड राइडरशिप भी दर्ज हुई। यात्रियों की बढ़ती संख्या से स्टेशनों पर व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाएं बढ़ी हैं। स्टेशन परिसर में ही विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होने से यात्रियों को लाभ मिलेगा, वहीं कारोबारियों को भी अपने उत्पादों और सेवाओं के लिए नया बाजार मिल सकेगा।

कई स्टेशनों पर प्रॉपर्टी डेवलपमेंट की पहल

एनसीआरटीसी दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के विभिन्न स्टेशनों पर प्रॉपर्टी डेवलपमेंट के तहत व्यावसायिक संभावनाएं विकसित कर रहा है। इनमें आनंद विहार, गाजियाबाद, सराय काले खां, बेगमपुल तथा परतापुर से मोदीपुरम के बीच स्थित स्टेशन शामिल हैं। इन स्थानों पर कमर्शियल स्पेस को लीज पर देने के लिए लाइसेंस या प्रस्ताव जारी किए गए हैं।

एनसीआरटीसी का उद्देश्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ गैर-किराया राजस्व का एक टिकाऊ माध्यम विकसित करना है। न्यू अशोक नगर स्टेशन पर रिटेल स्पेस की लीजिंग इसी दिशा में एक और कदम है।

इच्छुक बोलीदाता ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं। निविदा से संबंधित पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तों और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट ncrtc.in तथा सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल etenders.gov.in पर उपलब्ध है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts