10 हजार की नौकरी का झांसा, पांच नाबालिगों का शोषण; अखबार के पूर्व मालिक को 10 बार उम्रकैद

भोपाल की विशेष पॉक्सो अदालत का सख्त फैसला, 77.64 लाख रुपये का जुर्माना; आठ मामलों में अंतिम सांस तक जेल में रहेगा दोषी, सहयोगी महिला को 20 साल की कैद

भोपाल,एजेंसी। गरीब परिवारों की नाबालिग लड़कियों को नौकरी का लालच देकर यौन शोषण करने के मामले में भोपाल की विशेष पॉक्सो अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने एक अखबार के 78 वर्षीय पूर्व मालिक को पांच नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म और यौन अपराधों के मामलों में दोषी ठहराते हुए 10 अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई। उस पर कुल 77.64 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। अपराध में सहयोग करने वाली महिला को 20 साल के कठोर कारावास की सजा दी गई है।

आठ सजाएं जीवनभर जेल में रखने वाली

विशेष लोक अभियोजक पी.एन. सिंह राजपूत के मुताबिक, दोषी को पॉक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 10 उम्रकैद की सजाएं सुनाई गई हैं। इनमें आठ सजाएं ऐसी हैं, जिनके तहत उसे जीवन की अंतिम सांस तक जेल में रहना होगा। बाकी दो सजाएं सामान्य उम्रकैद की हैं। अदालत ने सभी सजाएं एक साथ चलाने का आदेश दिया है।

दोषी की सहयोगी महिला को नाबालिग लड़कियों को बहलाकर लाने, अपराध में मदद करने और साजिश में शामिल होने के आरोपों में 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है।

10 हजार रुपये मासिक वेतन का देता था लालच

अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी वर्ष 2014 से गरीब और असहाय परिवारों की नाबालिग लड़कियों को निशाना बना रहा था। उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये वेतन पर नौकरी दिलाने का लालच दिया जाता था। नौकरी के बहाने बुलाकर उनका यौन शोषण किया जाता था। इस काम में उसकी सहयोगी महिला भी मदद करती थी।

काउंसलिंग के दौरान सामने आया मामला

मामले का खुलासा जुलाई 2020 में हुआ। अभियोजन के मुताबिक, 11 जुलाई को काउंसलिंग के दौरान एक पीड़िता ने अपने साथ हुए अपराध की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया गया था। आरोप था कि वहां उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

एक पीड़िता के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद अन्य नाबालिग लड़कियों ने भी सामने आकर अपने साथ हुए शोषण की जानकारी दी।

जांच और साक्ष्यों के आधार पर सुनाया फैसला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। विशेष लोक अभियोजक के अनुसार, गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोष सिद्ध होने पर सजा सुनाई। फैसले को बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के मामलों में कड़ा संदेश देने वाला माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts