आज से शुरू होगी चीनी मिलों में पेराई, 11 नवंबर तक सभी मिलें होंगी चालू
मेरठ परिक्षेत्र की 16 मिलों का कार्यक्रम जारी, किसानों को पर्ची और इंडेंट के अनुसार गन्ना आपूर्ति की सलाह
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए पेराई सत्र 2026-27 की शुरुआत हो रही है। मेरठ परिक्षेत्र की 16 चीनी मिलों में 30 अक्टूबर से गन्ने की पेराई शुरू करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। विभाग का लक्ष्य 11 नवंबर तक सभी मिलों का संचालन शुरू कराने का है। मिलों में मरम्मत और अनुरक्षण का काम लगभग पूरा हो चुका है।
उप गन्ना आयुक्त, मेरठ परिक्षेत्र यशपाल सिंह ने बताया कि पेराई सत्र को सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मलकपुर चीनी मिल में 30 अक्टूबर और मोदीनगर चीनी मिल में 31 अक्टूबर से पेराई शुरू होना प्रस्तावित है।
नवंबर में चरणबद्ध तरीके से चलेंगी मिलें
विभागीय कार्यक्रम के अनुसार साबितगढ़ और बुलंदशहर चीनी मिलों में एक नवंबर से पेराई शुरू करने की योजना है। मवाना, दौराला, नंगलामल, रमाला और अनामिका चीनी मिलों में दो नवंबर से पेराई प्रस्तावित है। सकौती चीनी मिल चार नवंबर से, जबकि किनौनी, बागपत और अनूपशहर चीनी मिलें पांच नवंबर से शुरू होंगी।
इसी क्रम में मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल में सात नवंबर तथा सिम्भावली और बृजनाथपुर चीनी मिलों में 11 नवंबर से पेराई शुरू करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
किसानों को मिलेगी अगली फसल की तैयारी में सहूलियत
उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि चीनी मिलों का समय पर संचालन शुरू होने से गन्ना आपूर्ति व्यवस्था व्यवस्थित होगी। इससे किसानों को गन्ने की कटाई और आपूर्ति की योजना बनाने के साथ खेत खाली कर अगली फसल की बुवाई करने में भी सुविधा मिलेगी।
गन्ने की तौल, परिवहन और मिल गेट पर व्यवस्थाएं सुचारु रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पर्ची और इंडेंट देखकर ही करें गन्ने की कटाई
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी गन्ना पर्चियों, इंडेंट और विभागीय सूचनाओं का नियमित अवलोकन करें। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही गन्ने की कटाई और आपूर्ति करें। गन्ने की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
गन्ना आपूर्ति से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए किसान ई-गन्ना ऐप, विभागीय वेबसाइट www.caneup.in तथा संबंधित गन्ना समिति या चीनी मिल के कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।


No comments:
Post a Comment