मेड ने बुजुर्ग महिला को बेहोश कर उड़ाए दो करोड़ के जेवर और प्राचीन सिक्के, चार गिरफ्तार

गंगानगर पुलिस और स्वाट टीम ने किया चोरी का पर्दाफाश, 3.56 लाख रुपये नकद भी बरामद; एसएसपी ने दी जानकारी

मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में बुजुर्ग महिला को जहरीला पदार्थ देकर बेहोश करने के बाद करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण और प्राचीन सिक्के चोरी करने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। गंगानगर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, प्राचीन धातु मुद्राएं, पुराने देशी-विदेशी सिक्के और 3.56 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

मेड पर बुजुर्ग महिला को बेहोश कर चोरी करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष भल्ला ने गंगानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर में काम करने वाली मेड ने उनकी मां को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में गंगानगर पुलिस, स्वाट टीम प्रथम और स्वाट टीम देहात को घटना के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



दो करोड़ के आभूषण और प्राचीन सिक्के बरामद

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से पीली और सफेद धातु के विभिन्न आभूषण, सफेद धातु के 32 छोटे-बड़े सिक्के, पुराने देशी-विदेशी 111 सिक्के और आठ प्राचीन धातु मुद्राएं बरामद की गई हैं। बरामद आभूषणों और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये बताया गया है।

इसके अलावा 3.56 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इसमें पुराने 500 रुपये के 12 नोट, जिनकी कुल कीमत छह हजार रुपये है, शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 61(2) के तहत भी कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार निवासी कपसाड़, थाना सरधना, मेरठ; रोशनी ओराओन निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल; मनीष कुमार उर्फ मन्नू निवासी रणखंडी, थाना देवबंद, सहारनपुर; और मीनू पत्नी प्रदीप निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में गंगानगर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, शुभम चौधरी, इंद्रजीत सिंह, नरेंद्र चाहर, महिला उपनिरीक्षक मोनिका, महिला कांस्टेबल रीना, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार और कांस्टेबल कुंवरपाल सिंह शामिल रहे। स्वाट टीम प्रथम के प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और स्वाट टीम देहात ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts