108×108 फीट की मेगा रंगोली में साकार हुआ विकसित भारत का संकल्प

18 घंटे तक रंगों से राष्ट्रसेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश, सीसीएसयू के विद्यार्थी कलाकारों ने रचा भव्य दृश्य

मेरठ। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में 108×108 फीट की विशाल ‘सेवा संकल्प’ मेगा रंगोली तैयार कर कला के माध्यम से विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। करीब 18 घंटे तक चले इस सृजनात्मक अभियान में विद्यार्थियों ने पूरी रात मेहनत कर रंगों और आकृतियों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रसेवा की भावना को उकेरा। विशाल रंगोली आयोजन स्थल पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

चार स्तरों में दिखी योजनाओं की झलक

उत्तर प्रदेश शासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के लिए ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी को संयोजक बनाया गया था। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने रंगोली को चार स्तरों में विभाजित कर अलग-अलग ब्लॉकों में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

रंगोली में कन्या सुमंगला योजना, युवा शक्ति, विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण और सेवा जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई। विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विकास की भावना को रंगों के माध्यम से कलात्मक स्वरूप दिया।

कला से युवाओं तक पहुंचा राष्ट्र निर्माण का संदेश

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि कला समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को युवाओं की रचनात्मकता के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। विद्यार्थियों ने अपनी कला से सेवा, राष्ट्र समर्पण और विकास की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा बड़े मंच पर दिखाने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझने का अवसर भी देते हैं।

पूरी रात पुलिस ने संभाली सुरक्षा

रंगोली निर्माण के दौरान सुरक्षा अधिकारी डॉ. दुष्यंत चौहान ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पूरी रात मेहनत कर इतनी विशाल रंगोली तैयार करना विद्यार्थियों की प्रतिभा, लगन और समर्पण को दर्शाता है।

आयोजन में थाना मेडिकल के एसएचओ और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। पुलिसकर्मियों ने पूरी रात आयोजन स्थल पर निगरानी रखते हुए रंगोली तैयार कर रहे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया। इससे विद्यार्थियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रही और वे बिना किसी चिंता के अपने सृजनात्मक कार्य में जुटे रहे। प्रो. अलका तिवारी ने थाना मेडिकल पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया।

विद्यार्थियों ने रातभर दिया कला को आकार

प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से यह विशाल रंगोली संभव हो सकी। विद्यार्थियों ने पूरी रात उत्साह के साथ काम करते हुए सेवा, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत की भावना को रंगों और आकृतियों में उतारा। उन्होंने आयोजन के लिए सीसीएसयू को चयनित किए जाने पर संस्कृति प्रभात, लखनऊ और उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी का आभार जताया।

रंगोली निर्माण में आकाश, जयश्री, आर्यन सहित ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन में डॉ. मितेंद्र गुप्ता, डॉ. प्रवीण पवार, दीपा जली, डॉ. शालिनी धामा और विकास अधिकारी नूपुर गोयल का भी सहयोग रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। पूरी रात चले आयोजन में रंगों के जरिए सेवा, संकल्प, राष्ट्र समर्पण और विकसित भारत का संदेश प्रभावी ढंग से सामने आया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts