H1N1 की दस्तक से मेरठ समेत वेस्ट यूपी अलर्ट
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी पॉजिटिव, प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 685 के पार
मेरठ/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में संक्रमण के मामले सामने आने के बीच प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी H1N1 पॉजिटिव पाए गए हैं। केजीएमयू में जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि होने पर चिकित्सकों की सलाह से मंत्री ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
बताया गया है कि जयवीर सिंह को पिछले कई दिनों से बुखार की शिकायत थी। लखनऊ पहुंचने के बाद उनकी जांच कराई गई। मलेरिया की रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि इन्फ्लुएंजा ए (H1N1) की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में अधिक मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में H1N1 संक्रमण तेजी से फैल रहा है। एक सितंबर तक प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 685 तक पहुंच गई। इनमें बड़ी संख्या गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और गाजियाबाद से सामने आने की जानकारी है। पश्चिमी यूपी में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में फीवर डेस्क और ओपीडी की तैयारी
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अस्पतालों में फीवर ओपीडी और फीवर डेस्क को सक्रिय रखने के साथ पर्याप्त बेड एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा . राम प्रसाद ने बताया कि लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने तथा बुखार, खांसी, गले में खराश या शरीर में दर्द जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।उनका कहना है कि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचें।


No comments:
Post a Comment