मेरठ में नकली रिपैकिंग रैकेट का भंडाफोड़, एक करोड़ की एक्सपायर्ड दवाएं बरामद; चार सगे भाई गिरफ्तार

मेरठ। पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर करीब एक करोड़ रुपये कीमत की एक्सपायर्ड दवाएं और ब्यूटी प्रोडक्ट्स बरामद किए हैं। आरोप है कि एक्सपायर्ड उत्पादों पर नए रैपर और लेबल लगाकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने मामले में चार सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गोदाम में पिछले करीब एक वर्ष से यह कारोबार चल रहा था। आरोपित दवा कंपनियों के डिपो से नष्ट किए जाने के लिए निकाली गई एक्सपायर्ड दवाएं और ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदकर गोदाम में लाते थे। यहां स्कैनर और अन्य उपकरणों की मदद से नए लेबल तैयार किए जाते थे और उत्पादों की रीपैकिंग कर उन्हें दोबारा बाजार में सप्लाई किया जाता था।

छापे के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाएं, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, नए रैपर और रीपैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। पुलिस ने ड्रग्स विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। जांच में सामने आया कि बरामद सामान दवा कंपनियों के डिपो से नष्ट करने के लिए उठाया गया था।

पुलिस के अनुसार, सलीमुद्दीन ने गोदाम किराये पर ले रखा था। उसके चार बेटे असलम, सद्दाम, अकरम और अशरफ गोदाम में एक्सपायर्ड दवाएं और ब्यूटी प्रोडक्ट्स लाकर रखते थे। इसके बाद उनकी पैकिंग और लेबल बदलकर बाजार में भेजा जाता था।

बताया गया है कि इन उत्पादों की सप्लाई हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली तक की जाती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम में ट्रकों से सामान आता था और बाद में ट्रकों में भरकर ही बाहर भेजा जाता था। गोदाम में आसपास के कुछ युवक भी काम करते थे। पुलिस अब उनसे भी पूछताछ कर रही है।

एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, बरामद माल की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। ड्रग्स विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अतुल उपाध्याय और ड्रग इंस्पेक्टर संतोष पटेल की टीम मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts