आईआईएमटी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को डॉ. प्रभात रंजन ने दिए सफलता के मंत्र
कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज के दीक्षारंभ कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को करियर निर्माण की संभावनाओं और सफलता के लिए जरूरी गुणों की दी जानकारी
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में एम्स के न्यूरोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. प्रभात रंजन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने एलाइड हेल्थ साइंसेज के क्षेत्र में करियर निर्माण की संभावनाओं और सफल एवं कुशल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए आवश्यक गुणों की जानकारी दी।
डॉ. प्रभात रंजन ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों के साथ प्रशिक्षित और दक्ष एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स की भी महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बीएमएलएस, ऑप्टोमेट्री, फिजियोथेरेपी सहित एलाइड हेल्थ साइंसेज के विभिन्न क्षेत्रों में योग्य युवाओं के लिए रोजगार और करियर की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को विषय का मजबूत ज्ञान हासिल करने के साथ व्यवहारिक कौशल, अनुशासन, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने की आदत जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज के डीन प्रो. (डॉ.) मुकेश कुमार ने डॉ. प्रभात रंजन सहित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत के साथ उनके उज्ज्वल करियर के लिए सही दिशा प्रदान करना है।


No comments:
Post a Comment