दशकों बाद फिर लौटेंगी ‘महाभारत’ की यादें
14 सितंबर से शेमारू टीवी पर रोज शाम 7 बजे प्रसारण, नई पीढ़ी भी देखेगी बी. आर. चोपड़ा की कालजयी प्रस्तुति
मुंबई, सितंबर। टेलीविजन की दुनिया की सबसे यादगार पौराणिक प्रस्तुतियों में शामिल बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट रही है। शेमारू टीवी पर इसका प्रसारण 14 सितंबर से प्रतिदिन शाम सात बजे होगा। इससे पुराने दर्शकों को अपनी पुरानी यादें ताजा करने का मौका मिलेगा, वहीं नई पीढ़ी भी इस कालजयी गाथा और इसके प्रतिष्ठित किरदारों से रूबरू हो सकेगी।
‘महाभारत’ करोड़ों दर्शकों के लिए महज एक टीवी सीरियल नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा रही है। परिवारों का साथ बैठकर इस महागाथा को देखना और इसके किरदारों व रिश्तों पर चर्चा करना उस दौर की खास यादों में शामिल रहा। धर्म, कर्तव्य, परिवार, मित्रता, निष्ठा, त्याग और अच्छाई-बुराई के संघर्ष को सामने रखने वाली यह कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक मानी जाती है।
शेमारू टीवी के मुताबिक, मौजूदा दौर में जब परिवार के साथ देखने योग्य कंटेंट की मांग बनी हुई है, ऐसे में ‘महाभारत’ का दोबारा प्रसारण दर्शकों को एक बार फिर इस कहानी से जोड़ने का प्रयास है।
‘भीष्म’ को आज भी लोग याद करते हैं : मुकेश खन्ना
भीष्म पितामह की भूमिका निभाने वाले मुकेश खन्ना ने कहा कि दशकों पहले निभाया गया यह किरदार आज भी लोगों की बातचीत का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरुआत में दुर्योधन का किरदार ऑफर हुआ था, लेकिन वह अर्जुन या कर्ण की भूमिका निभाना चाहते थे। बाद में उन्हें भीष्म पितामह की भूमिका मिली, जिसने उनके जीवन को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि शेमारू टीवी के जरिए दर्शकों को एक बार फिर उन अविस्मरणीय किरदारों और यादों को जीने का मौका मिलेगा।
युधिष्ठिर की भूमिका भी रही खास : गजेंद्र चौहान
युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान ने कहा कि उनके किरदार की अहमियत ऐसी थी कि कई बार उसकी अनुपस्थिति में भी कहानी में उसकी चर्चा होती रहती थी। उन्होंने कहा कि ‘महाभारत’ का शेमारू टीवी पर लौटना उनके लिए विशेष अनुभव है, क्योंकि यह सिर्फ कहानी ही नहीं, बल्कि उन किरदारों और यादों को भी वापस ला रहा है, जिन्हें दर्शकों ने वर्षों से अपने दिल में संजोकर रखा है।
शेमारू टीवी के अनुसार, ‘महाभारत’ का प्रसारण भारतीय संस्कृति से जुड़ी कालजयी कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ 14 सितंबर से प्रतिदिन शाम 7 बजे शेमारू टीवी पर देखी जा सकेगी।


No comments:
Post a Comment