शाह बानो एक ऐसा किरदार, जिसे कोई भी एक्टर निभाने का सपना देखेगा’

यामी गौतम ने कहा- ‘हक़’ सिर्फ एक महिला की नहीं, सम्मान और इंसाफ के लिए लड़ने वाली तमाम महिलाओं की कहानी है

मुंबई। अभिनेत्री यामी गौतम धर फिल्म ‘हक़’ में शाह बानो का किरदार निभाने को अपने लिए बेहद खास मानती हैं। उनका कहना है कि शाह बानो की कहानी में गहराई और साहस है और ऐसा किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए सपने जैसा होगा। फिल्म अब 20 सितंबर को रात आठ बजे एंड पिक्चर्स पर प्रसारित की जाएगी।

यामी ने बताया कि शाह बानो का नाम उन्होंने पहली बार उस समय सुना था, जब उनकी कहानी सुर्खियों में थी। उन्हें आज भी शाह बानो की तस्वीर में दिखाई देने वाली उनकी गहरी और परेशान कर देने वाली नजर याद है। अभिनेत्री के मुताबिक, उस दौर में महिलाओं के सशक्तिकरण पर आज की तरह खुलकर चर्चा नहीं होती थी। ऐसे समय में एक महिला का अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना बेहद साहसिक कदम था।

शाह बानो का किरदार निभाने की तैयारी के बारे में यामी ने कहा कि हर टेक से पहले वह शाह बानो की तस्वीर को अपने जेहन में रखती थीं। इससे उन्हें यह याद रहता था कि वह सिर्फ एक महिला की कहानी नहीं बता रहीं, बल्कि उन तमाम महिलाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जिन्होंने सम्मान और इंसाफ के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि ‘हक़’ की कहानी उन्हें इसलिए भी आकर्षित करती है क्योंकि यह एक अलग नजरिया सामने लाती है और वर्षों से चली आ रही एक लड़ाई को दिखाती है। यामी के अनुसार, ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

टेलीविजन प्रीमियर को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि वह बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि ‘हक़’ ऐसी कहानी है, जिसे देखा और उस पर चर्चा की जानी चाहिए। अब सिनेमाघरों में फिल्म नहीं देख पाए दर्शक भी इसे घर बैठे देख सकेंगे। यामी को उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों के साथ क्रेडिट्स खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक बनी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts