जेपी ग्रुप में बीबीए-बीसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन
एआई के दौर में तकनीकी दक्षता के साथ नेतृत्व, अनुशासन और सकारात्मक सोच जरूरी : वक्ता
मेरठ। जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मवाना रोड में बीबीए एवं बीसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, पाठ्यक्रम, करियर संभावनाओं और व्यावसायिक जीवन की चुनौतियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन डॉ. हरिओम अग्रवाल, सचिव अनुराग अग्रवाल और सीईओ डॉ. विशाल अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल आर.एस. जाखड़ ने समय प्रबंधन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को सफलता का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सुदर्शन गोस्वामी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में व्यवसाय, बैंकिंग, वित्त, मार्केटिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में एआई की भूमिका और बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी दक्षता, डिजिटल कौशल, विश्लेषणात्मक क्षमता, संचार कौशल और नवाचार की सोच विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और व्यावसायिक विकास से जुड़ी जानकारी भी दी गई। समापन पर बीबीए एवं बीसीए निदेशक अर्पित चौधरी और एप्लाइड साइंस निदेशक डॉ. विक्रांत चौहान ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. उमेश कुमार, आशीष अग्रवाल, इंदु चौधरी, नेहा वत्स, सोनिया हुसैन, शिवा त्यागी सहित शिक्षक एवं स्टाफ का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment