सीएम ग्रिड की सड़कों पर दृष्टिबाधितों के लिए बनेगी खास राह

40 किमी लंबी टैक्टाइल पगडंडियां देंगी दिशा, बिना सहारे चल सकेंगे दृष्टिबाधित; आठ प्रमुख सड़कों पर निर्माण जारी

मेरठ। सीएम ग्रिड योजना के तहत मेरठ की प्रमुख सड़कों का कायाकल्प अब दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। शहर की आठ प्रमुख सड़कों पर आधुनिक फुटपाथों के साथ करीब 40 किलोमीटर लंबी विशेष टैक्टाइल पगडंडियां (गाइडेड पाथ-वे) बनाई जा रही हैं। इनका उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों को सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से आवागमन की सुविधा देना है।

उभरी सतह से मिलेगी रास्ते की पहचान

फुटपाथ पर बनाई जा रही टैक्टाइल पगडंडी की उभरी हुई सतह और विशेष बनावट दृष्टिबाधितों को रास्ते की दिशा पहचानने में मदद करेगी। छड़ी के स्पर्श से उन्हें सीधे रास्ते, मोड़ और संभावित रुकावट का संकेत मिल सकेगा। इससे उन्हें हर कदम पर किसी दूसरे व्यक्ति की मदद लेने की जरूरत कम होगी।

आठ प्रमुख मार्गों पर काम जारी

सीएम ग्रिड के तहत गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहा, बच्चा पार्क से कचहरी होते हुए कमिश्नरी चौराहा, गढ़ रोड से हापुड़ रोड तक रंगोली मंडप रोड, कमिश्नरी आवास चौराहे से सर्किट हाउस और शारदा रोड समेत आठ प्रमुख मार्गों पर निर्माण कार्य चल रहा है। योजना में कुल 12 प्रमुख सड़कों को शामिल किया गया है।

390 करोड़ रुपये की परियोजना

शहर की इन सड़कों के विकास पर करीब 390 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। फुटपाथों को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि सामान्य पैदल यात्रियों के साथ दिव्यांगजन भी सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें।

‘आत्मविश्वास बढ़ेगा’

बृज मोहन ब्लाइंड स्कूल मेरठ के सदस्य एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए रैंप के साथ मुख्य मार्गों पर गाइडेड पाथ-वे की सुविधा उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सीएम ग्रिड के तहत सड़कों के फुटपाथ में दृष्टिबाधित लोगों के लिए विशेष पगडंडी का प्रावधान किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts