1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को मिले नियुक्ति-पत्र

सीएम योगी बोले—आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतें ही विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिशन रोजगार के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों और उनके माता-पिता को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी प्रदेश को देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तब साकार होगा, जब विकसित उत्तर प्रदेश होगा और प्रदेश का विकास तभी संभव है, जब ग्राम पंचायत की इकाई आत्मनिर्भर एवं विकसित बने। इस परिकल्पना को साकार करने में ग्राम पंचायत अधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी और सारथी की भूमिका निभाएंगे। वे ग्राम पंचायतों को नई पहचान देने के साथ ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेंगे।



योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में साढ़े नौ लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में विकास की नई कहानी लिख रहा है और देश की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश ने अपनी अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट के आकार को तीन गुना करने में सफलता हासिल की है। देश में किसी भी क्षेत्र में विकास के मामले में शीर्ष तीन में गिनती होती है तो उत्तर प्रदेश उसमें शामिल है। आज कोई उत्तर प्रदेश को पीछे नहीं कह सकता। मुख्यमंत्री ने UPSSSC की पूरी टीम को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण प्रक्रिया को समय-सीमा में पूरा करने के लिए बधाई दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts