रोमांचक मुकाबले में ऋषभ एकेडमी की बाजी, जीटीबी को सात रन से हराया
ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट से पहले जूनियर वर्ग का वार्मअप मैच
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में 12 अक्टूबर से प्रस्तावित प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर गुरुवार को जूनियर वर्ग में वार्मअप मैच खेला गया। मुकाबले में ऋषभ एकेडमी स्कूल की टीम ने गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल को सात रन से हराया।
ऋषभ एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 158 रन बनाए। मुआज ने 41, अनस ने 40, आयुश ने 31 और मीत ने 30 रन बनाए। जीटीबी की ओर से वंश ने चार, जबकि रियांश और विराट ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की टीम 151 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अलकैफ ने 40, प्रिंस ने 39 और अब्दुल रहमान ने 40 रन बनाए। ऋषभ एकेडमी की ओर से आरुष ने चार, जबकि याहया और विनायक ने दो-दो विकेट लिए।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत शुक्रवार को भी एक वार्मअप मैच खेला जाएगा।
चयनकर्ताओं का सम्मान
स्पोर्ट्स फॉर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर एकेडमी में सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। क्रिकेट कोच अतहर अली ने चयनकर्ता अहमद उल्ला और पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी पंकज सिंह को सम्मानित किया। दोनों ने स्कूल फेडरेशन टूर्नामेंट के लिए टीम के चयन में भूमिका निभाई।

No comments:
Post a Comment