मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इंतजार करते-करते युवक की मौत

पार्क में अचानक जमीन पर गिरा 34 वर्षीय युवक, इमरजेंसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; आधार कार्ड से हुई पहचान

मेरठ। मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में उपचार के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे 34 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। युवक ओपीडी के बाहर पार्क में बैठा था, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बागपत के नगला गांव निवासी मोनू कुमार पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। बताया गया कि मोनू शनिवार सुबह करीब 11 बजे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी पहुंचा था। डॉक्टर को दिखाने के लिए वह ओपीडी के बाहर पार्क में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा।

युवक को गिरा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे बाइक से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ बाबी देवी ने घटनास्थल की जानकारी ली।

पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मोनू की पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts