नई टाउनशिप के 12 गांवों के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग
राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री से की पैरवी, बोले- भूमि अधिग्रहण से पहले किसानों को उचित मूल्य मिलना जरूरी
मेरठ। आवास विकास परिषद की प्रस्तावित नई टाउनशिप में शामिल 12 गांवों के सर्किल रेट में वृद्धि की मांग को लेकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने किसानों के ज्ञापन के साथ अपना पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपते हुए इन गांवों के सर्किल रेट में भी अन्य क्षेत्रों की तरह प्रस्तावित वृद्धि लागू करने का आग्रह किया।
राज्यमंत्री ने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के गगोल, नरहाड़ा, जुर्रानपुर, ततीना समेत 12 गांवों की भूमि में आवास विकास परिषद की नई टाउनशिप प्रस्तावित है। इन गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को उनकी भूमि का उचित मूल्य मिलना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जनपद में विभिन्न क्षेत्रों के सर्किल रेट में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से विकास योजनाओं से आच्छादित गांवों और क्षेत्रों की सूची मांगी गई है, ताकि इन क्षेत्रों की कृषि भूमि के सर्किल रेट में वृद्धि न की जाए।
डा. सोमेंद्र तोमर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टाउनशिप में शामिल इन 12 गांवों को सर्किल रेट वृद्धि से अलग न रखा जाए। उनका कहना है कि यदि भूमि अधिग्रहण से पहले सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए तो किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है और उनमें असंतोष बढ़ने की आशंका है।


No comments:
Post a Comment