रूसी संस्कृति की खुशबू से महकेगा सीसीएसयू परिसर

मिनिन यूनिवर्सिटी का 12 सदस्यीय दल मेरठ पहुंचा, 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अटल सभागार में होगा रशियन कल्चरल प्रोग्राम

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) परिसर में भारत-रूस के शैक्षणिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने के लिए तीन दिवसीय रशियन कल्चरल प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा। रूस की मिनिन निज़नी नोवगोरोड स्टेट पेडागॉजिकल यूनिवर्सिटी का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सीसीएसयू पहुंचा। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने दल का स्वागत किया।

कुलपति ने कहा कि शिक्षा विभिन्न देशों के बीच ज्ञान के साथ संस्कृति और समाज को जोड़ने का भी माध्यम है। मिनिन यूनिवर्सिटी के साथ शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग से विद्यार्थियों को रूसी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने के अवसर मिलेंगे।

मिनिन यूनिवर्सिटी की वाइस-रेक्टर फॉर इंटरनेशनल रिलेशंस लिलिया एरुश्किना ने सीसीएसयू परिसर के शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और ऐसे कार्यक्रम इन्हें नई ऊर्जा देते हैं।

रूसी भाषा, कला और परंपराओं की होगी प्रस्तुति

29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अटल सभागार में होने वाले कार्यक्रम में रूसी भाषा, संस्कृति, कला, परंपराओं और शैक्षणिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की प्रस्तुति होगी। मिनिन यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की सहभागिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

10 दिन तक सीसीएसयू में रहेगा दल

मिनिन यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधिमंडल करीब 10 दिन तक सीसीएसयू में प्रवास करेगा। इस दौरान दल के सदस्य रूसी विभाग के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और रूसी भाषा व संस्कृति से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों को रूस के सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश को समझने का अवसर मिलेगा।

दोनों विश्वविद्यालयों के बीच पहले ही एमओयू हो चुका है, जिसके तहत अकादमिक गतिविधियों, विद्यार्थी-शिक्षक आदान-प्रदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीसीएसयू में रूसी भाषा एवं संस्कृति के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘एक्सचेंज सेंटर फॉर ओपन एजुकेशन इन रशियन एंड रशियन लैंग्वेज टीचिंग’ की स्थापना भी की जा चुकी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts