एटीएम लूट के वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने एटीएम में लूट की घटना के वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, 15 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को कंकरखेड़ा क्षेत्र में एटीएम के अंदर एक व्यक्ति से लूट हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। रविवार को कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ-शामली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विपिन के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी लुकमान को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।
घायल विपिन को उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों के पास से वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक, .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा लूट के 10 हजार रुपये बरामद हुए।
इसी मामले में पुलिस ने रात में जेबरी पुल के पास से तीसरे आरोपी अंकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और लूट के पांच हजार रुपये बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन और लुकमान निवासी बनत, थाना आदर्श मंडी, शामली तथा अंकुर निवासी लक्ष्मी विहार, कंकरखेड़ा मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




No comments:
Post a Comment