5000 रुपये का इनामी लुटेरा मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
चोरी की KTM बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद
मेरठ। रेलवे रोड थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने जमानिया बाग तिराहे पर मुठभेड़ के दौरान 5000 रुपये के इनामी लुटेरे दानिश (34) निवासी मकबरा डिग्गी को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, जमानिया बाग तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसलने से वह गिर गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया।
आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा काले रंग की KTM बाइक बरामद हुई। जांच में बाइक दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। पुलिस के मुताबिक दानिश राजस्थान के जयपुर स्थित ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था और उस पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चोरी, लूट, मारपीट और अवैध हथियारों से जुड़े कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment