दुनियाभर में अरबपतियों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर, AI ने बढ़ाई दौलत
2025 में अरबपतियों की संख्या 8.2% बढ़कर 3,795 हुई, कुल संपत्ति 15.1 ट्रिलियन डॉलर पहुंची
नई दिल्ली, 6 सितंबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते कारोबार और टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में तेजी से दुनियाभर में अरबपतियों की संख्या और उनकी संपत्ति 2025 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वेल्थ इंटेलिजेंस फर्म अल्ट्राटा की रिपोर्ट के अनुसार, एक साल में अरबपतियों की संख्या 8.2 प्रतिशत बढ़कर 3,795 हो गई, जबकि उनकी कुल संपत्ति 12.8 प्रतिशत बढ़कर 15.1 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, एआई बूम और टेक कंपनियों के मजबूत प्रदर्शन ने अरबपतियों की संपत्ति बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। पिछले पांच वर्षों में एआई में कम से कम तीन करोड़ डॉलर निवेश करने वाली कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 2024 से 2025 के बीच अन्य कंपनियों की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक वृद्धि हुई।
अरबपतियों की संपत्ति के केंद्रीकरण में भी तेजी आई है। अल्ट्राटा ने 50 अरब डॉलर से अधिक संपत्ति वाले 29 लोगों को ‘सुपर अरबपति’ की श्रेणी में रखा है। इनकी संयुक्त संपत्ति 4.1 ट्रिलियन डॉलर रही, जो दुनिया के सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति का करीब 27 प्रतिशत है। 2017 में इस श्रेणी में केवल 10 लोग थे और उनकी हिस्सेदारी 7.2 प्रतिशत थी।
क्षेत्रवार आंकड़ों में उत्तरी अमेरिका सबसे आगे रहा। यहां अरबपतियों की संख्या 11.6 प्रतिशत बढ़कर 1,337 हो गई। यूरोप में 1,081 और एशिया में 881 अरबपति रहे। यूरोप में संख्या 7.9 प्रतिशत और एशिया में 6.5 प्रतिशत बढ़ी। रिपोर्ट ने चेताया है कि एआई और टेक्नोलॉजी में संपत्ति का बढ़ता केंद्रीकरण बाजार में उतार-चढ़ाव का जोखिम भी बढ़ा सकता है।


No comments:
Post a Comment