तस्वीरों में कैद हुआ समय और समाज, एनएएस इंटर कॉलेज में मनाया विश्व फोटोग्राफी दिवस
पुराने कैमरों से स्मार्टफोन तक फोटोग्राफी के सफर पर चर्चा, विद्यार्थियों को बताई रचनात्मक संभावनाएं
मेरठ, 19 अगस्त। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर एनएएस इंटर कॉलेज, मेरठ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें फोटोग्राफी के महत्व, बदलती तकनीक और इसके रचनात्मक एवं सामाजिक पक्षों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों को पुराने कैमरों से लेकर आधुनिक डिजिटल और स्मार्टफोन कैमरों तक फोटोग्राफी के तकनीकी विकास की जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता विश्व मोहन नौटियाल ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि समय, समाज और इतिहास को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे छायाचित्र के पीछे की सोच, दृष्टिकोण और फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया।
युवा फोटोग्राफर ललित, भारत कला भवन ने अपने अनुभव साझा करते हुए फोटोग्राफी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन के माध्यम से भी विद्यार्थी इस कला को सीखकर अपनी रचनात्मकता को सामने ला सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन पुष्पेन्द्र कुमार ने किया। अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य बिजेन्द्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अवलोकन क्षमता और नई तकनीक के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक हैं।
इस अवसर पर दीपक शर्मा, अजित चौधरी, अश्वनी त्यागी, मोहन लाल और डॉ. सोहन पाल सहित शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में प्रकृति, समाज और जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को फोटोग्राफी के माध्यम से संरक्षित करने का संदेश दिया गया।


No comments:
Post a Comment