शीलकुंज में सातवें दिन भी धरना, समस्याएं सुलझाने के बजाय खत्म कराने का दबाव
बिल्डर पक्ष और निवासियों में नोकझोंक, लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
मेरठ। शीलकुंज कॉलोनी में मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सातवें दिन भी निवासियों का शांतिपूर्ण धरना जारी रहा। रविवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब बिल्डर पक्ष की ओर से पुलिस-प्रशासन के माध्यम से धरना समाप्त कराने का दबाव बनाए जाने के आरोप को लेकर कॉलोनी के गेट पर हंगामा हो गया। इस दौरान निवासियों, पुलिस-प्रशासन और इंडस वैली प्रमोटर्स के बिल्डर अजय गुप्ता के प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
धरना दे रहे निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से सुरक्षा, बिजली, आवारा कुत्तों, एसटीपी और पानी समेत विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय आंदोलन समाप्त कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
शीलकुंज न्याय एवं सुधार समिति ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है। समिति का आरोप है कि बिल्डर पक्ष समस्याओं का समाधान करने के बजाय दबाव बनाकर निवासियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं के समाधान का ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।
समिति ने पुलिस-प्रशासन से निष्पक्ष भूमिका निभाने और समस्याओं के समाधान के लिए बिल्डर पक्ष पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। धरने में अवनीश काजला, हरिओम कंसल, मनोज गर्ग, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रदीप सेठी, प्रज्ञा पंवार, प्रबल शैनी, नवदीप कुमार, हर्ष पुनिया, डॉ. विवेक राणा, ईशु वर्मा, आंचल चौधरी, कमल पुनिया समेत बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment