संगीत सोम का अखिलेश, ओवैसी और राहुल पर हमला, बोले- मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे तीनों नेता
सहारनपुर मस्जिद प्रकरण पर पूर्व विधायक ने कहा- कार्रवाई मस्जिद नहीं, अवैध निर्माण के खिलाफ हुई
मेरठ। पूर्व विधायक संगीत सोम ने सहारनपुर में मस्जिद के कथित ध्वस्तीकरण को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तीनों नेताओं पर मुस्लिम समाज को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा लड़ाई इस बात की है कि मुस्लिम समाज का राजनीतिक आका कौन बनेगा।
संगीत सोम ने कहा कि मुस्लिम समाज की तीन बर्बादी अखिलेश यादव, ओवैसी और राहुल गांधी हैं। आरोप लगाया कि तीनों नेता मिलकर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर दंगे की राजनीति को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2013 की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का माहौल दोबारा खराब करने की कोशिश की जा रही है।
सहारनपुर कार्रवाई को बताया अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान
सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर उठ रहे सवालों पर सोम ने कहा कि कार्रवाई मस्जिद के खिलाफ नहीं, बल्कि अवैध जमीन पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ हुई है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 400 वर्ष पुराना कुआं भी मिला।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और जहां भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, वहां कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उनके मुताबिक अभियान किसी विशेष वर्ग को निशाना बनाकर नहीं चलाया जा रहा, बल्कि कानून के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
राहुल, अखिलेश और ओवैसी पर दंगे की राजनीति का आरोप
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ओवैसी उत्तर प्रदेश में अपना राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की राजनीति का उद्देश्य मुस्लिम समाज के बीच अपना प्रभाव स्थापित करना है।
संगीत सोम ने कहा कि जनता अब सब समझती है और लोगों को राजनीतिक रूप से भ्रमित करने की कोशिश ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए 'अमर-अकबर-एंथोनी' बनने की कोशिश करने का तंज भी कसा।
बोले- कानून के अनुसार जारी रहेगी कार्रवाई
संगीत सोम ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और सरकार अवैध निर्माण के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। चाहे निर्माण किसी भी व्यक्ति या वर्ग से जुड़ा हो, यदि वह कानून के खिलाफ है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सहारनपुर प्रकरण पर विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए कहा कि सरकारी कार्रवाई को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।


No comments:
Post a Comment