कृष्ण जन्मभूमि से योगी का बड़ा बयान- आस्था मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए

 बोले- बाबर-औरंगजेब के अनुयायी समाज में जहर घोल रहे

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। जन्मस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत पर अनेक आक्रमण हुए, लेकिन सनातन की आस्था को कोई मिटा नहीं सका।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जिन लोगों ने सनातन की आस्था को मिटाने का दुस्साहस किया, वे मिट्टी में मिल गए। आज उनका नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचा।”

सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की आस्था भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों की आस्था बाबर और औरंगजेब में है, क्या वे देश और समाज की आस्था का सम्मान कर सकते हैं?

योगी ने आरोप लगाया कि बाबर-औरंगजेब के अनुयायी समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग आदत से मजबूर हैं और बहन-बेटियों की सुरक्षा में भी सेंध लगाने की कोशिश कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ऐसे मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी।

अयोध्या और काशी की तरह विकसित होगा ब्रज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों को भगवान राम का भव्य मंदिर पसंद नहीं है, वे अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मथुरा-वृंदावन में भी अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर तैयार हो। ब्रजभूमि के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की भावनाओं के अनुरूप ब्रज क्षेत्र को संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

जन्माष्टमी पर मथुरा में उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं।

तड़के हुई मंगला आरती में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं ने ढोल-मंजीरों और शंख की धुन पर नृत्य कर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी मनाई।

प्रशासन के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से करीब 10 लाख श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts