आधी रात धरने से उठाए गए रवि गौतम
भूख हड़ताल पर पुलिस की कार्रवाई, समर्थकों से झड़प; कमिश्नरी पार्क खाली कराया
मेरठ। दलित समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाकर कमिश्नरी पार्क में धरना दे रहे युवा शक्ति दल के अध्यक्ष रवि गौतम को पुलिस ने गुरुवार देर रात हिरासत में ले लिया। रवि गौतम ने 3 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू की थी। देर रात सीओ सिविल लाइन कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ कमिश्नरी पार्क पहुंचे। बातचीत के जरिए धरना खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बनी।
इसके बाद पुलिस ने रवि गौतम और उनके समर्थकों को धरनास्थल से हटाना शुरू किया। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने कमिश्नरी पार्क खाली कराने के बाद वहां फोर्स तैनात कर दी। रवि गौतम को पुलिस वाहन से गाजियाबाद ले जाया गया, जहां उन्हें संतोष अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ अन्य समर्थकों को भी हिरासत में लिए जाने की बात कही जा रही है।
20 अगस्त से चल रहा था अनिश्चितकालीन धरना
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर 8 जुलाई को मेरठ कलक्ट्रेट के बाहर जाम लगाने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इनमें गाजियाबाद निवासी युवा शक्ति दल के अध्यक्ष रवि गौतम एडवोकेट भी शामिल थे।
जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद रवि गौतम ने आंदोलन का ऐलान किया। इसके बाद 20 अगस्त को उन्होंने कमिश्नरी पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
एसएसपी से मुलाकात के बाद भी नहीं बनी बात
24 अगस्त को रवि गौतम समेत पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ के नए एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें उनके सामने रखीं। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन भी मिला था।
रवि गौतम का आरोप था कि आश्वासन के बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर 30 अगस्त को महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में उन्होंने 3 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया था।
गुरुवार को उन्होंने भूख हड़ताल शुरू कर दी। प्रशासन और पुलिस की ओर से उनसे बातचीत कर धरना खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
पहले टेंट की बिजली काटी, फिर पहुंची पुलिस
गुरुवार को बातचीत विफल होने के बाद प्रशासन ने धरनास्थल हटाने की तैयारी शुरू कर दी। पहले रवि गौतम के टेंट की बिजली काट दी गई। इसके बाद जेनरेटर लाया गया, लेकिन उसे चलाने की अनुमति नहीं दी गई।
देर रात तक धरनास्थल पर मौजूद समर्थक पुलिस कार्रवाई की आशंका को लेकर चर्चा करते रहे। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे भारी पुलिस फोर्स कमिश्नरी पार्क पहुंच गई।
स्वास्थ्य का हवाला देकर हटाने की कोशिश
पुलिस के पार्क पहुंचते ही वहां सो रहे लोग उठ गए। सीओ सिविल लाइन ने रवि गौतम से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य का हवाला देते हुए वहां से हटने के लिए कहा। रवि गौतम ने इसका विरोध करते हुए खुद को पूरी तरह फिट बताया।
इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें और उनके समर्थकों को धरनास्थल से हटाने लगे। इसी दौरान धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया और रवि गौतम को पुलिस वाहन से गाजियाबाद के लिए रवाना कर दिया।
टेंट हटाकर सिविल लाइन थाने भेजा
रवि गौतम और समर्थकों को हटाने के बाद पुलिस ने धरनास्थल पूरी तरह खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। सुबह होने से पहले टेंट को हटाकर सिविल लाइन थाने भिजवा दिया गया।
दिन निकलने तक कमिश्नरी पार्क पूरी तरह खाली करा लिया गया। सुबह धरनास्थल पर पहुंचे लोगों को वहां न तो टेंट मिला और न ही आंदोलनकारी। उन्हें जानकारी हुई कि पुलिस रात में ही रवि गौतम और उनके समर्थकों को वहां से हटा चुकी है।
दोबारा धरना न हो, इसलिए पुलिस तैनात
कमिश्नरी पार्क में दोबारा टेंट लगाकर धरना शुरू न हो, इसके लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। फिलहाल पुलिस किसी को पार्क में रुकने की अनुमति नहीं दे रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर रवि गौतम के समर्थकों ने आरोप लगाया है कि उन्हें कहां रखा गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की ओर से हिरासत में लिए गए सभी लोगों के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।


No comments:
Post a Comment