कानपुर में दवा कारोबारी की गला रेतकर हत्या, नौकर पर शक
कानपुर। कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट में शनिवार रात दवा कारोबारी विनीत मनोचा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय वह फ्लैट में अकेले थे। सुबह करीब 4:30 बजे पार्टी से लौटे बेटे सुबरात मनोचा ने पिता का शव फर्श पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो संदिग्ध रात करीब 9:46 बजे फ्लैट में प्रवेश करते दिखाई दिए। दोनों करीब डेढ़ घंटे बाद रात 11:28 बजे बाहर निकले। बेटे के मुताबिक, संदिग्धों में से एक उसके पिता के यहां काम करने वाला नौकर है। बताया गया कि विनीत काम को लेकर नौकर को अक्सर डांटते थे। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश में नौकर ने साथी के साथ मिलकर हत्या की।
जानकारी के मुताबिक, सुबरात रात करीब 9:40 बजे पत्नी और भांजे के साथ पार्टी में गए थे। उनके जाने के करीब आठ मिनट बाद दोनों संदिग्ध अपार्टमेंट पहुंचे। रात 10:58 बजे विनीत फ्लैट में लौटे और करीब आधे घंटे बाद दोनों संदिग्ध बाहर निकल गए। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि संदिग्धों के पास फ्लैट की चाबी कैसे पहुंची।
एडीसीपी दक्षिण राजेश कुमार पांडे ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।



No comments:
Post a Comment