याकूब की बंद मीट फैक्ट्री में हथियारबंद बदमाशों ने की चोरी
पिस्टल के बल पर गार्डों को बनाया बंधक, चार घंटे तक खंगाली फैक्ट्री; मशीनों की प्लेट समेत लाखों का सामान ले गए
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे स्थित अल्लीपुर गांव में शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की बंद पड़ी अल फहीम मीटेक्स फैक्ट्री में चोरी की। आरोप है कि 10-12 बदमाश दीवार फांदकर फैक्ट्री में दाखिल हुए और पिस्टल के बल पर वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया। बदमाश करीब चार घंटे तक फैक्ट्री में रहे और मशीनों की कीमती प्लेटों समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
फैक्ट्री सुपरवाइजर मुमताज अहमद के मुताबिक, अल फहीम मीटेक्स वर्ष 2019 से बंद है। सुरक्षा के लिए दिन-रात गार्ड तैनात रहते हैं। बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण रात में फैक्ट्री परिसर में अंधेरा रहता है। शुक्रवार रात बारिश के दौरान गार्ड फैक्ट्री के अंदर थे। इसी दौरान बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस आए।
आरोप है कि बदमाशों ने गार्डों को पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। इसके बाद गार्डों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाश करीब चार घंटे तक फैक्ट्री में मशीनों और अन्य सामान को खंगालते रहे।
गार्डों के अनुसार, बदमाश दो फ्रीजर की 32 एल्युमिनियम प्लेट, छोटी मोटर समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हुए। उनके जाने के बाद गार्ड किसी तरह कमरे से बाहर निकले और सुपरवाइजर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना पर लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन ने हथियारों के बल पर गार्डों को बंधक बनाकर सामान लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना प्रभारी सुमित तोमर के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोगों और अन्य फैक्ट्रियों में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल है।


No comments:
Post a Comment