चलती AC बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री बाल-बाल बचे

लखनऊ। शहीद पथ पर मेदांता अस्पताल के सामने शनिवार देर रात गोरखपुर से दिल्ली जा रही डबल डेकर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे बस का पिछला टायर फटने के बाद हुआ। टायर से निकली चिंगारी ने कुछ ही देर में पूरी बस को आग की लपटों में घेर लिया।

बस में करीब 30 यात्री सवार थे। आग लगते ही ड्राइवर ने बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यात्रियों के बाहर निकलते ही बस धू-धूकर जलने लगी और करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

ड्राइवर राहुल पटेल ने बताया कि मेदांता अस्पताल के पास बस के पिछले हिस्से से कुछ टूटने की तेज आवाज आई। इसके तुरंत बाद आग लग गई। उन्होंने बस रोककर यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। हादसे के बाद शहीद पथ पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से जली बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में टायर फटने से आग लगने की बात सामने आई है। ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts