स्लोगन और पोस्टर से युवाओं ने दिया सेवा का संदेश
दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर MY Bharat मेरठ ने कराई प्रतियोगिता
मेरठ, 25 सितंबर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर MY Bharat मेरठ, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से डॉ. अंबेडकर इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम बेटियां फाउंडेशन के सहयोग से हुआ।
‘सेवा संकल्प अभियान-सेवा से समाज, समाज से राष्ट्र’ विषय पर आयोजित पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में युवाओं ने सेवा, स्वावलंबन, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में राधिका प्रथम, स्वाति द्वितीय और शोभा तृतीय रहीं। स्लोगन लेखन में तान्या प्रथम, ज्योति द्वितीय और तनिष्का तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों पर चर्चा की गई। युवाओं से जरूरतमंद वर्गों तक सेवा की भावना के साथ पहुंचने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। MY Bharat मेरठ के जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता को सकारात्मक दिशा देना संगठन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना है।
इस अवसर पर बेटियां फाउंडेशन की अध्यक्ष अंजू पांडेय, कोऑर्डिनेटर कुसुम शर्मा और कॉलेज कोऑर्डिनेटर रीना सिंह का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment