नितिन नवीन के मेरठ आगमन की तैयारियों पर मंथन
अमित अग्रवाल के आवास पर हुई बैठक, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और बसों की व्यवस्था पर चर्चा
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 21 और 22 सितंबर को मेरठ आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने अपने आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्वागत एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की सहभागिता पर जोर
बैठक में महापौर हरिकांत अहलुवालिया, महानगर कार्यसमिति सदस्य अंकित सिंघल, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अंकुर कुशवाहा, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी, कैंट विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष तथा युवा और महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर चर्चा की गई।
बसों और आवागमन की व्यवस्था पर चर्चा
कार्यक्रम स्थल तक कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था और आवागमन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा स्वागत कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, बस संचालन और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक इंतजामों को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
अमित अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मेरठ आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मंडल स्तर पर तैयारियों को समय से पूरा करने और कार्यकर्ताओं के आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपने-अपने दायित्व निभाने की बात कही।

No comments:
Post a Comment