डॉ. ओपी चौधरी मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कार्य परिषद के सदस्य नामित
पूर्व में अवध और पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कार्य परिषद में भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी
वाराणसी/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज, वाराणसी के मनोविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ओपी चौधरी को सहारनपुर स्थित मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया है।
डॉ. चौधरी इससे पहले तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक द्वारा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की कार्य परिषद के सदस्य नामित किए गए थे। कार्यकाल के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में एप्लाइड साइकोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू कराने, स्ववित्तपोषित शिक्षकों के लिए अवकाश व्यवस्था लागू कराने और कर्मचारियों के समायोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कार्य परिषद का सदस्य नामित किया। वहां उन्होंने लंबे समय से लंबित मृतक आश्रितों की विश्वविद्यालय सेवा में नियुक्ति के प्रयासों में योगदान दिया। इस संबंध में उन्होंने कई बार राज्यपाल से मुलाकात कर वार्ता भी की।
डॉ. ओपी चौधरी को दोबारा विश्वविद्यालय की कार्य परिषद का सदस्य नामित किए जाने पर विभिन्न शिक्षाविदों, शिक्षकों और परिचितों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।


No comments:
Post a Comment