कैलाश मानसरोवर मुक्ति और तिब्बत की स्वतंत्रता के लिए देशभर में जनआंदोलन
भारत-तिब्बत सहयोग मंच की बैठक में लिया संकल्प, तवांग यात्रा में ब्रज प्रांत की प्रभावशाली भागीदारी का ऐलान
बरेली, 26 सितंबर। भारत-तिब्बत सहयोग मंच के ब्रज प्रांत की विशेष संगठनात्मक बैठक में कैलाश मानसरोवर की मुक्ति और तिब्बत की स्वतंत्रता के समर्थन में देशव्यापी जन-जागरण अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री कपिल त्यागी का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम सिंह पाल के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष एडवोकेट जयपाल कश्यप की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में कपिल त्यागी को स्मृति चिह्न और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया।
कैलाश मुक्ति के लिए निकलेगी जन-जागरण यात्रा
राष्ट्रीय महामंत्री कपिल त्यागी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर और तिब्बत का विषय भारत की सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना के क्रम को आगे बढ़ाते हुए देशभर में जन-जागरण यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने चीन की तिब्बत नीति की आलोचना करते हुए कहा कि मंच तिब्बत के पक्ष में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाने और उसके लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रहा है।
तवांग यात्रा में दिखेगी ब्रज प्रांत की भागीदारी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम सिंह पाल ने कहा कि पड़ोसी की सुरक्षा और सुख भी भारत की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि तिब्बत की स्वतंत्रता के समर्थन में संघर्ष करना संगठन अपना नैतिक दायित्व मानता है। आगामी तवांग यात्रा में ब्रज प्रांत की ओर से व्यापक भागीदारी की जाएगी और क्षेत्र में जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।
महिला विभाग की उपाध्यक्ष एडवोकेट संध्या आर्या ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का आह्वान किया।
गांव-गांव तक पहुंचाएंगे संगठन का संदेश
जिलाध्यक्ष एडवोकेट जयपाल कश्यप ने कहा कि संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मंच के विचारों और अभियानों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में मेरठ से भाजपा जिला उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता समेत जयपाल सिंह कश्यप, छवि राम कश्यप, दिलीप यादव, एडवोकेट सपना कश्यप, एडवोकेट ज्ञान मौर्य, एडवोकेट अमर सिंह, सतीश दिवाकर, एडवोकेट राहुल, एडवोकेट कृष्ण मौर्य सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment