खून से पीएम को पत्र, बोले- मेरठ को उजड़ने से बचाएं
व्यापारी नेता शैंकी वर्मा ने भगत सिंह जयंती पर जताई चिंता, प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के लिए समाधान की अपील
मेरठ। शहर में चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर व्यापारी नेता शैंकी वर्मा ने भगत सिंह जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखा। उन्होंने कार्रवाई से प्रभावित परिवारों और व्यापारियों की समस्याओं की ओर प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए केंद्र स्तर पर मामले की जानकारी लेने की अपील की।
शैंकी वर्मा ने कहा कि मध्यम वर्ग का परिवार वर्षों की मेहनत और बचत से मकान या दुकान तैयार कर पाता है। ऐसे में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से लोगों के सामने घर और रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मेरठ को उजड़ने से बचाने तथा प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की।
650 दुकानों की पुनर्वास योजना पर भी उठाए सवाल
पत्र में भाजपा जनप्रतिनिधियों की ओर से बताई गई पुनर्वास योजना का भी उल्लेख किया गया। शैंकी वर्मा ने इसे प्रभावित लोगों की संख्या की तुलना में अपर्याप्त बताया। हाल में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने सेंट्रल मार्केट के प्रभावित व्यापारियों के लिए पुनर्वास नीति के तहत करीब 650 दुकानों के आवंटन की योजना की जानकारी दी थी।
भगत सिंह की जयंती पर जनता की आवाज पहुंचाने का दावा
शैंकी वर्मा ने कहा कि भगत सिंह ने देश के लिए अपना जीवन न्योछावर किया था। जयंती के अवसर पर खून से पत्र लिखने का उद्देश्य मेरठ की जनता की चिंता प्रधानमंत्री तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मेरठ सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि लाखों लोगों के घर और रोजगार से जुड़ा है।
उन्होंने कानून और न्यायिक प्रक्रिया के सम्मान के साथ प्रभावित परिवारों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मानवीय एवं संवैधानिक रास्ता निकालने की अपील की।

No comments:
Post a Comment