कुछ यादें कभी साथ नहीं छोड़तीं: संदीपा धर
मुंबई। कुछ यादें ऐसी होती हैं जिन्हें हम ढूंढने नहीं जाते, बल्कि वे सही समय आने पर खुद हमारे सामने आ जाती हैं। अभिनेत्री संदीपा धर के लिए कश्मीर की हालिया यात्रा कुछ ऐसी ही भावनाओं से भरी रही, जहां उन्हें अपने परिवार के इतिहास, भूली-बिसरी यादों और वादी की अनमोल खूबसूरती से फिर से जुड़ने का मौका मिला।
सोशल मीडिया पर अपनी इस यात्रा की झलकियां साझा करते हुए संदीपा ने लिखा है, कुछ यादें ऐसी होती हैं जिन्हें आप खोजने नहीं जाते, वे बस आपका इंतज़ार करती रहती हैं। हाल ही में संदीपा अपने कश्मीर स्थित पुश्तैनी घर पहुंचीं, जो पलायन के बाद से लगभग उसी अवस्था में खड़ा है। न बिजली, न पानी और न ही घर के भीतर बहुत कुछ बचा है, लेकिन इसकी दीवारें आज भी बीते दशकों की कहानियों की गवाह हैं।
इस दौरान उन्हें एक बेहद खूबसूरती से नक्काशीदार लकड़ी की अलमारी मिली, जो लगभग 80 से 90 साल पुरानी बताई जा रही है और आज भी लगभग सुरक्षित है। इस खोज को याद करते हुए उन्होंने लिखा, ऐसा लगा जैसे हमारे अतीत का एक छोटा-सा हिस्सा अब भी हमारा इंतज़ार कर रहा है। यह पल उनके लिए उन यादों और कहानियों का प्रतीक बन गया जो समय के साथ भी कहीं खोई नहीं है।
फिलहाल अपनी कश्मीर यात्रा के दौरान उन्हें कुछ और अनमोल निशानियां भी मिलीं, जिसमें एक पुराने कपबोर्ड में उन्हें 30 से 40 साल पुराने एयर इंडिया के बोर्डिंग पास और बैगेज टैग भी मिले।


No comments:
Post a Comment