सेंट्रल मार्केट-आवास विकास मुद्दे पर व्यापारियों की हुंकार, जल्द होगा बड़ा आंदोलन
जागृति विहार में व्यापारियों ने बनाई आंदोलन की रणनीति, दोनों व्यापार संगठनों से मांगा सहयोग
मेरठ। सेंट्रल मार्केट और आवास विकास प्रकरण को लेकर जागृति विहार के व्यापारियों ने मंगलवार को किसान मजदूर संगठन के कार्यालय में बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने मामले को लेकर आगे व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया। आंदोलन की रूपरेखा दोनों व्यापार संगठनों के साथ बैठक और समन्वय के बाद तय की जाएगी।
बैठक में विजय राघव ने कहा कि इस संबंध में नवीन गुप्ता और अजय गुप्ता से फोन पर बातचीत कर सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह संदेश दिया जा रहा था कि सरकार व्यापारियों से बातचीत कर रही है और उनके हित में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की ओर से सुप्रीम कोर्ट में नई सूची पेश किए जाने से व्यापारियों के बीच सवाल खड़े हुए हैं।
विजय राघव ने कहा कि एमडीए सरकार के अधीन काम करने वाला प्राधिकरण है। ऐसे में यदि सरकार व्यापारियों के पक्ष में बातचीत कर रही थी तो सुप्रीम कोर्ट में नई सूची पेश किए जाने का औचित्य क्या है, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों में असमंजस और नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, एमडीए की ओर से शहर में चिह्नित अवैध निर्माणों से संबंधित रिपोर्ट अदालत के समक्ष रखी गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एमडीए के सर्वे में जोन-ए में 16,726 निर्माण चिह्नित किए गए हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे का भी उठाया मुद्दा
बैठक में सोमवार को मेरठ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में बुलडोजर लगाए जाने का मुद्दा भी उठा। विजय राघव ने कहा कि सेंट्रल मार्केट और आवास विकास प्रकरण से प्रभावित व्यापारियों में इसे लेकर नाराजगी है। उन्होंने कहा कि मेरठ के कई नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले, लेकिन व्यापारियों से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उनके समक्ष उठाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई।
बैठक में तय किया गया कि दोनों व्यापार संगठनों के साथ समन्वय कर आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। विजय राघव ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक में प्रवीण शर्मा, विकास चौहान, दुष्यंत शर्मा, विवेक राणा, रूपेश राघव, अनिल गोयल, देवेंद्र भाटी, चंदन सिंह पटवाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment