दिवाली से पहले चालू होंगे नोएडा के नए बिजलीघर
आरडीएसएस योजना के तहत निर्माणाधीन उपकेंद्रों का एमडी ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश
मेरठ, 25 सितंबर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-132 और सेक्टर-94 में आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत निर्माणाधीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एमडी ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि दोनों नए बिजलीघरों का निर्माण कार्य दिवाली से पहले पूरा कर उन्हें चार्ज किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत नए बिजलीघरों के निर्माण से नोएडा की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने के साथ ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने सेक्टर-132 स्थित पुराने 33/11 केवी बिजलीघर का भी जायजा लिया। यहां हाल ही में स्थापित 10 एमवीए के नए पावर ट्रांसफार्मर और 10 नए पैनलों का निरीक्षण किया। नए ट्रांसफार्मर से क्षेत्र का पावर लोड संतुलित करने में मदद मिलेगी। इससे करीब 3 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और लो-वोल्टेज व बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या में राहत मिलने की संभावना है।

No comments:
Post a Comment