फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश

विकास कार्यों की मासिक समीक्षा में लापरवाही पर चेतावनी, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि

मेरठ, 25 सितंबर। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग के साथ हैंडओवर से पहले गुणवत्ता व पूर्णता की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।

फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने बीडीओ द्वारा अपेक्षित रुचि नहीं लेने पर अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। कृषि, प्रोबेशन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और श्रम विभाग के अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में अपेक्षित सुधार लाने को कहा। सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को इसकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन वाले विभागों को भी डीएम ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विभागों की खराब प्रगति का असर जिले की समग्र रैंकिंग पर पड़ता है। अधिकारियों को अपने विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में गौशालाओं के नियमित निरीक्षण, पीएमजीएसवाई में शत-प्रतिशत भुगतान और विकास कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, सीएम ग्रिड, ऑपरेशन कायाकल्प, मॉडल स्कूल, पेंशन, पोषण, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, दिव्यांगजन और पंचायती राज विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts