यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का शानदार आगाज
अब ग्लोबल मंच पर चमकेगा यूपी का हुनर: सीएम योगीबोले- पारंपरिक ताकत को मिलेगी नई पहचान
- गृहमंत्री अमित शाह ने चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया उद्घाटन
ग्रेटर नोएडा (एजेंसी)।ग्रेटर नोएडा इंडिया एक्सपो मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उपस्थित रहे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह की अध्यक्षता की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो आज यूपी की लोकल ताकत को ग्लोबल मार्केट के सामने पहचान दिलाने का सबसे बड़ा मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि इस शो के प्रेरक और प्रेरणा स्रोत स्वयं गृहमंत्री अमित शाह हैं। 2017 में जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने यूपी के लोक कल्याण संकल्प पत्र का निर्माण किया था, तब उन्होंने कहा था कि यूपी की ताकत उसके परंपरागत उद्योग में है और जिस दिन इसे पहचान मिलेगी, यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनने से कोई नहीं रोक पाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद हमने उसी परिकल्पना को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन के रूप में ब्रांड दिया। आज भदोही का कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र, वाराणसी की साड़ी जैसे उत्पाद करोड़ों रुपये के ब्रांड बन चुके हैं।
पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए कारीगरों को स्किल, टूलकिट, ब्रांडिंग और मार्केट से जोड़ा गया।सीएम ने बताया कि इस वर्ष 36 हजार वर्ग मीटर के एक्सपो सेंटर में 2400 से अधिक एक्जीबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं। 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी बायर्स और लगभग डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स के आने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बढ़ता हुआ फुटफॉल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की सबसे बड़ी आबादी के प्रति ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने टैलेंट और ट्रेडीशन को टेक्नोलॉजी से जोड़ा है।
एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए कनेक्टिविटी को इकोनॉमिक अपॉर्चुनिटी का मल्टीप्लायर बनाया गया है। आज यूपी के पास एमएसएमई के 79 उत्पाद ऐसे हैं जिन्हें जीआई टैग प्राप्त हुआ है और 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। इस बार जापान, सिंगापुर, बेलारूस, वियतनाम, रूस और ऑस्ट्रिया पार्टनर कंट्री के रूप में जुड़े हैं। उनके विशेष पवेलियन द्विपक्षीय व्यापारिक प्रतिबद्धताओं को नई ऊंचाई देंगे। यह आयोजन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और ज्वाइंट वेंचर के नए द्वार भी खोलेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सुरेंद्र नागर सहित जापान, बेलारूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और रूस के राजदूत एवं 90 से अधिक देशों के 600 से अधिक विदेशी बायर्स मौजूद रहे।
.jpg)

No comments:
Post a Comment