सोलर सब्सिडी का पैसा अब लोन खाते में जाएगा, दुरुपयोग पर सरकार ने कसा शिकंजा

पीएम सूर्य घर योजना में सॉफ्टवेयर बदला, सब्सिडी रोककर किस्त नहीं चुकाने वालों पर भी नजर

मेरठ। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाने के लिए मिलने वाली सब्सिडी के दुरुपयोग पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है। अब केंद्र और प्रदेश सरकार से मिलने वाली सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के लोन खाते में जमा होगी। इसके लिए योजना के सॉफ्टवेयर में बदलाव किया गया है। इससे सब्सिडी की राशि व्यक्तिगत खाते में लेकर उसका दूसरे काम में इस्तेमाल करने की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।

सोलर संयंत्र लगाने में आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए बैंकों की ओर से 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन की सुविधा दी गई है। उदाहरण के तौर पर तीन किलोवाट का सोलर संयंत्र लगाने में करीब 1.80 लाख रुपये खर्च आता है। इसमें 10 प्रतिशत यानी 18 हजार रुपये डाउन पेमेंट देने के बाद 1.62 लाख रुपये का लोन होता है। संयंत्र लगने के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार से कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके बाद लोन की बकाया राशि करीब 54 हजार रुपये रह जाती है।

अब तक कुछ मामलों में उपभोक्ताओं ने सब्सिडी की राशि लोन खाते में जमा कराने के बजाय अपने व्यक्तिगत खाते में ले ली और बाद में लोन की किस्त भी नहीं चुकाई। इससे बैंकों की रकम फंसने की स्थिति बनी। ऐसे मामलों को बैंक और नेडा मिलकर चिन्हित कर रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सब्सिडी सीधे लोन खाते में जाने से बैंक का बकाया कम होगा और योजना के दुरुपयोग पर भी रोक लगेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts