नशामुक्त गांव की ओर लालपुर ने बढ़ाया कदम, ग्रामीणों ने लिया नशा छोड़ने का संकल्प
जागरूकता गोष्ठी में नशे के दुष्प्रभाव बताए, विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
मेरठ। उन्नत भारत अभियान सेल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए ग्राम लालपुर, ब्लॉक माछरा में नशामुक्त गांव अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ नशा छोड़ने और इससे दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति जरूरी है। डीन, इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता के साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं।
कार्यक्रम समन्वयक इंजीनियर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए सभी पांच गांवों में नशामुक्ति और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञ वक्ता प्रिया पाल, काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट और शिवानी शर्मा, साइकोलॉजिस्ट, हेल्थ मिशन इंडिया ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा छोड़ना संभव है और परिवार व समाज के सहयोग से व्यक्ति स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की ओर लौट सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार, डॉ. निधि चौहान, इंजीनियर पारुल, इंजीनियर प्रवीण पवार, सोनू महरोल, हरिनाथ तथा छात्र प्रशांत करण का सहयोग रहा। ग्रामवासियों की ओर से बृजपाल सिंह, दीपक कुमार, कैलाश चंद, धर्मवीर, चेतन सिंह, जगदीश और उषा शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment