उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से पर हथौड़ा चलते ही बवाल, पथराव के बाद आंसू गैस

सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद; मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन में सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। अब्दालपुरा क्षेत्र में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने विरोध किया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया और पुलिस के साथ झड़प की स्थिति बन गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात संभालने में जुटे रहे।

बताया गया कि रविवार रात पुलिस-प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच सहमति बनी थी। इसके बाद सोमवार को मस्जिद का संबंधित हिस्सा स्वयं हटाने की बात कही गई थी। हालांकि, बाद में लोगों ने इसका विरोध करते हुए हिस्सा हटाने से इनकार कर दिया। इसी दौरान तनाव बढ़ गया।

32 फीट चौड़ी की जानी है सड़क

सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाना है। इस मार्ग पर दोनों ओर रहने वाले लोगों ने सड़क के लिए अपने मकानों का हिस्सा पीछे हटाने पर सहमति जताई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अब्दालपुरा स्थित अपने पैतृक मकान पर हथौड़ा चलाकर चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की थी।

मार्ग पर 272 मकान

खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने के बीच करीब 272 मकान हैं। इनमें हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के परिवार रहते हैं। प्रशासन के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र के कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने मकानों का हिस्सा हटाने में सहयोग किया है। सोमवार को शाही मस्जिद के हिस्से को लेकर हुए विरोध के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts